कोटा: श्रीजी हॉस्पिटल में विशाल निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर सम्पन्न, 233 मरीजों ने उठाया लाभ

कोटा: श्रीजी हॉस्पिटल में विशाल निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर सम्पन्न, 233 मरीजों ने उठाया लाभ

यतीश व्यास 

कोटा। श्रीजी हॉस्पिटल में रविवार को आयोजित निःशुल्क हृदय रोग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर सम्पन्न हुआ। शिविर में करीब 233 मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से हृदय संबंधी परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश जिंदल, डॉ. निशांत सक्सेना एवं डॉ. रचित सक्सेना ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने हृदय रोगों की समय पर पहचान, बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर परामर्श दिया। 

शिविर में मरीजों को निःशुल्क कार्डियोलॉजी परामर्श के साथ ब्लड शुगर, HbA1c, लिपिड प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल एवं थायरॉइड की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा सभी कार्डियक जांचों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी गई।

विशेषज्ञों ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, तनाव, धूम्रपान और अनियमित जीवनशैली हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारक हैं। कई बार हृदय संबंधी बीमारी शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण नहीं देती, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।

डॉ. राकेश जिंदल, डॉ. निशांत सक्सेना एवं डॉ. रचित सक्सेना ने कहा कि शिविर का उद्देश्य हाड़ौती क्षेत्र के लोगों में हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें विशेषज्ञ हृदय चिकित्सा एवं जांच सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराना था। समय रहते बीमारी की पहचान होने से उपचार और बचाव की संभावनाएं बेहतर होती हैं।

शिविर को सफल बनाने में श्रीजी हॉस्पिटल के कार्डियक एवं क्रिटिकल केयर विभाग, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ सहित पूरी हॉस्पिटल टीम का विशेष सहयोग रहा।