राजस्थान कायस्थ महासभा के 42वें स्थापना दिवस पर कोटा के समाजसेवियों का जयपुर में हुआ सम्मान

राजस्थान कायस्थ महासभा के 42वें स्थापना दिवस पर कोटा के समाजसेवियों का जयपुर में हुआ सम्मान

यतीश व्यास 

कोटा। राजस्थान कायस्थ महासभा के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित एसएफ मानसरोवर परिसर सभागार में आयोजित अधिवेशन एवं कोर कमेटी की विशेष बैठक में समाज के 35 श्रेष्ठजनों का उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए अभिनंदन किया गया। समारोह में कोटा इकाई के कई पदाधिकारियों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

बैठक में महासभा की आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार ‘संभव’ ने भगवान चित्रगुप्त के पूजन के साथ किया। इस अवसर पर समाज के दिवंगत पदाधिकारियों की स्मृति में उनके परिजनों को शॉल, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कोटा के स्वर्गीय एस.एम. सक्सेना (पूर्व स्टेशन अधीक्षक) की स्मृति में उनके पुत्र पंकज सक्सेना एवं संजीव मोहन सक्सेना को सम्मानित किया गया। वहीं स्वर्गीय प्रो. वाई.वी. माथुर की स्मृति में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार ‘संभव’ एवं प्रदेश महासचिव डॉ. अजय माथुर ने सम्मान प्रदान किया।

समारोह में कोटा से प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पी.एम. सक्सेना, नयापुरा कायस्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष एन.आर. सक्सेना, जिला अध्यक्ष विकास सक्सेना, जिला महासचिव संजय श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष रानी श्रीवास्तव तथा जोन अध्यक्ष नागेंद्र सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारियों का भी समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान किया गया।

प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पी.एम. सक्सेना ने बताया कि प्राचीन कायस्थ समाज भवन के जीर्णोद्धार तथा शास्त्री रोड के नामकरण संबंधी प्रयासों को महासभा के सहयोग से स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रत्येक मेडिकल कॉलेज स्तर पर चिकित्सा प्रकोष्ठ का गठन किए जाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, जिसके लिए आगामी बैठक में विस्तृत रूपरेखा तय की जाएगी।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. अजय माथुर ने किया, जबकि राष्ट्रीय मंत्री हरिहर प्रसाद सिन्हा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।