कोटा: अब किन्नरों को बंद करनी होगी मनमानी वसूली, महासंघ ने दी अंतिम चेतावनी

कोटा: अब किन्नरों को बंद करनी होगी मनमानी वसूली, महासंघ ने दी अंतिम चेतावनी

यतीश व्यास 

कोटा। बधाई राशि के नाम पर किन्नर समूहों द्वारा मनमानी वसूली के विरोध में सर्व हिंदू समाज सोशल क्रान्तिकारी महासंघ की मुहिम को शहर के धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला है। महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि तय सीमा से अधिक राशि वसूलने या दबाव बनाने पर संबंधित किन्नर समूहों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

महासंघ के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि 12 मई 2024 को किन्नर प्रमुख इन्दुबाई, ताराबाई, ममता बाई, शेफाली, रीना खान और नैना देवी के साथ हुई बैठक में बधाई राशि की सीमा तय की गई थी। इसके अनुसार सम्पन्न वर्ग से विवाह, जन्मोत्सव व गृह प्रवेश पर 5,100 से 11,000 रुपए तथा सामान्य व मध्यम वर्ग से 1,100 से 5,100 रुपए तक ही राशि लेने पर सहमति बनी थी। साथ ही सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक ही बधाई मांगने, ऑनलाइन भुगतान को प्राथमिकता देने और किसी भी प्रकार की जबरदस्ती नहीं करने का निर्णय लिया गया था।

महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी ने बताया कि सहमति के बावजूद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जबरन वसूली की शिकायतें हेल्पलाइन पर लगातार मिल रही हैं। ऐसे मामलों के साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब सभी किन्नर समूहों को विधि सलाहकार के माध्यम से नोटिस जारी कर उनके क्षेत्राधिकार, समूह के सदस्यों और पहचान संबंधी जानकारी मांगी जाएगी। नकली किन्नरों की शिकायतों को देखते हुए पहचान व्यवस्था पर भी विचार किया जाएगा।

महासंघ की इस मुहिम को मौजीबाबा लोक कल्याण ट्रस्ट, श्रीकुलम शक्तिपीठ की पीठाधीश्वर माँ नीतिअंबा, साध्वी हेमा सरस्वती, विधायक संदीप शर्मा, पंकज मेहता, कोटा व्यापार महासंघ के क्रांति जैन व अशोक माहेश्वरी, एसएसआई के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, पूर्व महापौर राजीव भारती, द कोटा डिवीजन एम्प्लॉईज एसोसिएशन, अखिल राजस्थान गुजराती समाज के जी.डी. पटेल, अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा की साधना सिंह चौहान, राजस्थान ओबीसी विकास मंच के रामकुमार मेहता, राष्ट्रीय काणी सेना के महिपाल सिंह हाड़ा, राजस्थान पुजारी सेवक महासंघ, श्री मैथिली ब्राह्मण समाज संस्था, शॉपिंग सेंटर व्यापार संघ, शॉपिंग सेंटर विकास समिति, अग्रवाल हितकारी समिति रेलवे कॉलोनी, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्री संघ, पतंजलि योग समिति, आर्य उप प्रतिनिधि सभा कोटा संभाग, इंदिरा कॉलोनी विकास समिति, श्री जी नगर समाज पंचायत सोसायटी, मानव सेवा समिति, मातेश्वरी समाज सेवा संस्थान तथा अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति सहित अनेक संस्थाओं का समर्थन प्राप्त हुआ है।

महासंघ ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में तय सीमा से अधिक बधाई राशि वसूली गई या किसी भी परिवार पर दबाव बनाया गया तो संबंधित किन्नर समूहों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।