कोटा: घर में घुसकर तलवार-पाइप से जानलेवा हमला करने वाले 10-10 हजार के तीन ईनामी बदमाश गिरफ्तार

कोटा: घर में घुसकर तलवार-पाइप से जानलेवा हमला करने वाले 10-10 हजार के तीन ईनामी बदमाश गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। भीमगंजमण्डी थाना पुलिस ने घर में घुसकर तलवार व पाइप से जानलेवा हमला करने के मामले में 10-10 हजार रुपये के तीन ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अलफेज, अली हुसैन और फरदीन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मोहम्मद अलफेज और अली हुसैन के खिलाफ पहले से भी कई संगीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 24 जुलाई की सुबह संजय नगर निवासी आबिद हुसैन के घर में घुसकर आरोपियों ने तलवार, सरिया और पाइप से हमला किया। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार व मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के संबंध में भीमगंजमण्डी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

भीमगंजमंडी थानाधिकारी रामविलास मीणा के नेतृत्व में गठित टीम के एएसआई रवीन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक सिंह, महेन्द्र सिंह, संजय शर्मा, श्याम सुन्दर तथा कांस्टेबल तंवर सिंह, लोकेश और अम्बाराम ने मुखबिर व तकनीकी सूचना के आधार पर लगातार दबिश देकर तीनों आरोपियों को संजय नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।