कोटा: हनी ट्रैप और अपहरण मामले में 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

कोटा: हनी ट्रैप और अपहरण मामले में 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। अनंतपुरा थाना पुलिस ने हनी ट्रैप, अपहरण और जबरन वसूली के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी अजय मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत पकड़ा गया। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 3 मई 2026 को एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक युवती ने मैसेंजर के जरिए लोन दिलाने का झांसा देकर उसे पेट्रोल पंप पर बुलाया। युवती उसकी कार में बैठकर झालावाड़ रोड की ओर चली गई। रास्ते में अजय मीणा सहित अन्य आरोपियों ने कार रुकवाकर युवक के साथ मारपीट की, चाकू दिखाकर धमकाया और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उसका अपहरण कर लिया।

आरोपी युवक को अंता और बारां ले गए तथा दो एटीएम से जबरन 95 हजार रुपए निकलवाकर हड़प लिए।

घटना के बाद से अजय मीणा फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में अनुसंधान जारी है।