कोटा शहर पुलिस में बड़ा फेरबदल: 20 थाना प्रभारियों के तबादले, 272 कांस्टेबल भी बदले गए, एसपी ने जारी किए आदेश

कोटा शहर पुलिस में बड़ा फेरबदल: 20 थाना प्रभारियों के तबादले, 272 कांस्टेबल भी बदले गए, एसपी ने जारी किए आदेश

यतीश व्यास 

कोटा। शहर पुलिस में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने आदेश जारी कर 20 थाना अधिकारियों एवं पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए हैं। इसके साथ ही 272 कांस्टेबलों का भी विभिन्न थानों में स्थानांतरण किया गया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार हरेंद्र सिंह सोडा को महावीर नगर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि आनंद यादव को उद्योग नगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामविलास मीणा को अपराध सहायक कार्यालय से भीमगंजमंडी थाना अधिकारी लगाया गया है। वहीं महेंद्र कुमार मारू का कोतवाली से आरकेपुरम थाना तबादला किया गया है। शौकत खान को दुर्घटना थाना से मकबरा थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि महेश कारवाल को गुमानपुरा से रानपुर थाना अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सुनील कुमार को गुमानपुरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। रामकिशन गोदारा को भीमगंजमंडी से दुर्घटना थाना भेजा गया है। धारा सिंह को यातायात प्रभारी बनाया गया है। चेतन शर्मा को जिला विशेष शाखा प्रभारी से किशोरपुरा थाना अधिकारी लगाया गया है। संदीप बिश्नोई को पुलिस लाइन से कोतवाली थाना प्रभारी बनाया गया है।

वहीं विनोद कुमार को नयापुरा से साइबर थाना तथा अमरेश सिंह को कैथूनीपोल से साइबर थाना भेजा गया है। राजपाल सिंह राठौड़ को पुलिस लाइन से नयापुरा थाना अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। हरिनारायण शर्मा को महिला थाना से कैथूनीपोल थाना भेजा गया है।

इसके अलावा पवन कुमार मीणा को पुलिस लाइन से जिला विशेष शाखा प्रभारी बनाया गया है। सुमेर सिंह को अपराध सहायक कार्यालय में लगाया गया है, जबकि बृजबाला को महिला थाना प्रभारी बनाया गया है। पूर्ण सिंह मीणा को यातायात प्रभारी पद से हटाकर पुलिस लाइन कोटा शहर भेजा गया है।