कोटा: नाकाबंदी के दौरान ऑडी कार छोड़ खेतों में भागा युवक, अवैध पिस्टल के साथ रेलवे कॉलोनी पुलिस के हत्थे चढ़ा, विदेश भागने की तैयारी में था आरोपी

कोटा: नाकाबंदी के दौरान ऑडी कार छोड़ खेतों में भागा युवक, अवैध पिस्टल के साथ रेलवे कॉलोनी पुलिस के हत्थे चढ़ा, विदेश भागने की तैयारी में था आरोपी

यतीश व्यास 

कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी नाकाबंदी के दौरान अपनी ऑडी कार छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया था। पुलिस ने कार से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था। बाद में विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कार्रवाई की गई।

रेलवे कॉलोनी सीआई रामस्वरूप मीणा ने बताया कि 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि कैथून निवासी अमृतपाल ऑडी कार में अवैध हथियार लेकर चंद्रसेल रोड की ओर आने वाला है। सूचना पर एसएल गार्डन के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी कार सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। कार की तलाशी में एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने हथियार और कार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

इसके बाद गठित विशेष टीम ने दबिश देकर आरोपी अमृतपाल (23) पुत्र धर्मेंद्र सिंह, हाल निवासी भीमपुरा (कैथून) को नया नोहरा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।

शौक में खरीदी थी पिस्टल-

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से बारां जिले के किशनगंज क्षेत्र का रहने वाला है। पंजाबी गानों और हथियारों से प्रभावित होकर उसने करीब एक वर्ष पहले रायपुरा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति से 80 हजार रुपये में पिस्टल और 10 कारतूस खरीदे थे। उसने अधिकांश कारतूस शौक में फायर कर दिए थे और हमेशा पिस्टल कार में रखकर घूमता था। महंगी कारों के शौक के कारण उसने दिल्ली से सेकेंड हैंड ऑडी कार भी खरीदी थी।

पत्नी की खुशी में जा रहा था पार्टी करने-

पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन आरोपी अपनी पत्नी के गर्भवती होने की खुशी में दोस्तों के साथ पार्टी करने चंद्रसेल रोड जा रहा था। इसी दौरान नाकाबंदी देखकर वह कार छोड़कर भाग गया।

विदेश भागने की फिराक में था-

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी मुस्कान कौर इंग्लैंड में पढ़ाई के साथ पार्ट टाइम नौकरी करती है। आरोपी ने भी पासपोर्ट और वीजा बनवा रखा था तथा इंग्लैंड जाने की तैयारी में था। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद उसके विदेश भागने की आशंका थी इसलिए उसकी तलाश तेज कर उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।