कोटा: कहकशां मुस्कान संस्थान के तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र एवं मेडिकल शिविर आयोजित, 90 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित

कोटा: कहकशां मुस्कान संस्थान के तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र एवं मेडिकल शिविर आयोजित, 90 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित

यतीश व्यास 

कोटा। कहकशां मुस्कान संस्थान के तत्वावधान में रविवार को स्टेशन स्थित संजय नगर में नि:शुल्क नेत्र जांच एवं मेडिकल शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, जबकि 150 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 90 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। इसके अलावा थायरॉयड, शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें कर दवाइयों का भी वितरण किया गया।

शिविर का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने किया। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता फारुख राणा तथा राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के प्रदेश सह-संयोजक ईरशाद अली विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री आरिफ मंसूरी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

छगन माहुर ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अंत्योदय और गरीब कल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को अपना योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष बृजेश शर्मा, आसिफ, शाहरुख मंसूरी, शाकिर मंसूरी, शाहिद मंसूरी, वसीम मंसूरी, नवनीत सिंह जादौन, अमित गौतम, विशाल सिंह, विशाल नारंग, अक्षय वर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।