ताले तोड़कर जेवरात चोरी करने वाला गोलू उर्फ मॉडल पुलिस के हत्थे चढ़ा, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक मामले

ताले तोड़कर जेवरात चोरी करने वाला गोलू उर्फ मॉडल पुलिस के हत्थे चढ़ा, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक मामले

यतीश व्यास 

कोटा, 23 जून। कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने दिनदहाड़े सूने मकान में हुई जेवरात चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि आरोपी समीर खान उर्फ गोलू उर्फ मॉडल (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी महावीर नगर थाना क्षेत्र के भोपुरा टिम्बा की ढाणी का निवासी है और वर्तमान में मकबरा थाना क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार 18 जून को फरियादी अपने परिवार के साथ ससुराल गया हुआ था। 19 जून को लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी पाए गए। मामले में कुन्हाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शहर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य अपराधों के करीब दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।