कोटा: अनुशासनहीनता और खराब आचरण पर गिरी गाज, दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, थानों में गुटबाजी और लोगों से विवाद की शिकायतों पर एसपी ने की कार्रवाई

कोटा: अनुशासनहीनता और खराब आचरण पर गिरी गाज, दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, थानों में गुटबाजी और लोगों से विवाद की शिकायतों पर एसपी ने की कार्रवाई

यतीश व्यास 

कोटा। पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने सख्त रुख अपनाते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है। इनमें नान्ता थाने के हेड कांस्टेबल तिलक चौधरी और भीमगंजमंडी थाने के कांस्टेबल मोहित जाट शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल तिलक चौधरी के खिलाफ थाने में गुटबाजी करने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश दिए।

वहीं, भीमगंजमंडी थाने के कांस्टेबल मोहित जाट के खिलाफ संबंधित सीओ ने खराब आचरण की शिकायत की थी। शिकायत में लोगों से आए दिन विवाद और झगड़ा करने के साथ शराब सेवन के आरोप भी सामने आए। भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए एसपी ने मोहित जाट को भी लाइन हाजिर कर दिया।

गौरतलब है कि मोहित जाट के खिलाफ इससे पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं। पूर्व में बोरखेड़ा और दादाबाड़ी थानों से भी उन्हें शिकायतों के चलते लाइन हाजिर किया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा शिकायतें मिलने पर एसपी ने एक बार फिर कार्रवाई की है।