कोटा: निगम की एकतरफा कार्रवाई पर उठे सवाल, रसूखदारों के अतिक्रमण बचे, छोटे दुकानदारों पर चला बुलडोजर!

कोटा: निगम की एकतरफा कार्रवाई पर उठे सवाल, रसूखदारों के अतिक्रमण बचे, छोटे दुकानदारों पर चला बुलडोजर!

यतीश व्यास 

कोटा। भीमगंजमंडी स्थित हाट रोड पर नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर निगम की टीम ने मंगलवार को क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण, अवैध टीनशेड और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई की। निगम अधिकारियों का कहना है कि अभियान शिकायत के अनुरूप और नियमानुसार किया गया।

जानकारी के अनुसार हाट रोड पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण आमजन के साथ-साथ सेना से जुड़े वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए निगम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र नागर, अतिक्रमण प्रभारी अजर अहमद सहित निगम का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने भविष्य में दोबारा अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

हालांकि कार्रवाई समाप्त होते ही स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखने को मिली। प्रभावित लोगों का आरोप है कि निगम ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए चुनिंदा दुकानदारों को निशाना बनाया, जबकि प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमणों को अनदेखा कर दिया गया। दुकानदारों का कहना है कि कई ऐसे चबूतरे तोड़े जो सार्वजनिक भूमि पर नहीं थीं, जबकि सड़क पर वास्तविक बाधा बने कई अतिक्रमण जस के तस बने हुए हैं।

स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और बिना किसी भेदभाव के सभी अतिक्रमणकारियों पर समान कार्रवाई करने की मांग की है।