कोटा: राहुल गांधी का छात्र संवाद राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित, नीट परीक्षा से पहले छात्रों को भ्रमित करने का प्रयास- छगन माहुर

कोटा: राहुल गांधी का छात्र संवाद राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित, नीट परीक्षा से पहले छात्रों को भ्रमित करने का प्रयास- छगन माहुर

यतीश व्यास 

कोटा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है। कांग्रेस शासनकाल में पेपर लीक की 19 घटनाएं हुईं, लेकिन उन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसके विपरीत केंद्र की मोदी सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए कड़ा एंटी-पेपर लीक कानून बनाया है और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के मामलों में पारदर्शी कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द की तथा दोषियों को पकड़ने के लिए सख्त कदम उठाए। वहीं राहुल गांधी छात्रों के हितों की चिंता करने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ ही दिनों में नीट परीक्षा आयोजित होने वाली है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी का कार्यक्रम छात्रों के मन में डर, चिंता और व्याकुलता पैदा करने का काम कर रहा है।

माहुर ने कहा कि पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या जैसे विषय अत्यंत गंभीर हैं तथा इन पर राजनीति नहीं, बल्कि ठोस समाधान की आवश्यकता है। जबकि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहे हैं।