कला, कौशल और जागरूकता का संगम बना स्काउट-गाइड शिविर, मेहंदी-नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग, बाल श्रम उन्मूलन का दिया संदेश

कला, कौशल और जागरूकता का संगम बना स्काउट-गाइड शिविर, मेहंदी-नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग, बाल श्रम उन्मूलन का दिया संदेश

यतीश व्यास 

कोटा, 13 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को प्रतिभाओं का उत्साह और रचनात्मकता देखने को मिली। शिविर में मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी कला का प्रदर्शन किया।

स्थानीय संघ सचिव प्रकाश जायसवाल ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक और कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी सृजनात्मक क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में योगिता प्रथम तथा मनीषा यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में महक ने प्रथम और आयुषी कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।

शिविर के दौरान सह-संचालक गिरिराज जोशी एवं सपना अग्रवाल ने प्रशिक्षणार्थियों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का हनन है और इससे उनके शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा बाल श्रम उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

जायसवाल ने बताया कि शिविर में कौशल विकास प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोजड़ी एवं अनंतपुरा एकेडमी, अनंतपुरा में संचालित शिविरों में भी आगामी दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।