कोटा- 200 मीटर दूर थाना, फिर भी सुरक्षित नहीं रहा मेडिकल स्टोर, गश्त के दावों के बीच मेडिकल स्टोर से हजारों रुपए चोरी, CCTV में क़ैद वारदात

कोटा- 200 मीटर दूर थाना, फिर भी सुरक्षित नहीं रहा मेडिकल स्टोर, गश्त के दावों के बीच मेडिकल स्टोर से हजारों रुपए चोरी, CCTV में क़ैद वारदात

यतीश व्यास 

कोटा। शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के स्टेशन इलाके में रविवार देर रात एक मेडिकल स्टोर में चोरी की वारदात सामने आई है। खास बात यह है कि जिस दुकान को निशाना बनाया गया, वह संबंधित थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुप्ता मेडिकल हॉल के संचालक मयंक गुप्ता रविवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एक युवक ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गईं।

फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने दुकान में प्रवेश करने के बाद गल्ले में रखी करीब 20 हजार रुपए से अधिक की नकदी निकाल ली। चोरी के दौरान उसने एक चालाकी भी दिखाई। बाहर से किसी को संदेह न हो, इसके लिए दुकान में घुसने के बाद उसने अंदर से शटर वापस नीचे कर दिया।

सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को गल्ला खाली मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भीमगंजमंडी थाना के एसआई राजकुमार, मोहम्मद रशीद अंसारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

बता दें कि क्षेत्र में रात के दौरान पुलिस की फ्लाइंग, कैट तथा अन्य गश्ती दल नियमित रूप से गश्त करते हैं। इसके बावजूद थाने के नजदीक हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।