कोटा- गहलोत के बयान पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का पलटवार, कहा- कांग्रेस की अंदरूनी कलह को बता रहे हैं साजिश

कोटा- गहलोत के बयान पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का पलटवार, कहा- कांग्रेस की अंदरूनी कलह को बता रहे हैं साजिश

यतीश व्यास 

कोटा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बयान कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और वर्चस्व की लड़ाई को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 का राजनीतिक घटनाक्रम कांग्रेस की आंतरिक कलह का परिणाम था, जिसे अब साजिश बताकर गहलोत स्वयं को पीड़ित के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहे हैं।

माहुर ने कहा कि 25 सितंबर 2022 को कांग्रेस आलाकमान द्वारा विधायक दल की बैठक बुलाए जाने के दौरान गहलोत समर्थक विधायकों ने समानांतर बैठक कर इस्तीफे देने का जो कदम उठाया था, उसे पूरे देश ने देखा था। उन्होंने दावा किया कि उस घटनाक्रम के लिए कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर मौजूद नेतृत्व संघर्ष और गहलोत खेमे की भूमिका जिम्मेदार थी।

उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद और संगठनात्मक वर्चस्व को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ है, जो समय-समय पर सार्वजनिक रूप से सामने आता रहा है। गहलोत के बयान से यह स्पष्ट होता है कि पार्टी के भीतर मतभेद और खींचतान अब भी समाप्त नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने आंतरिक विवादों पर आत्ममंथन करना चाहिए, बजाय इसके कि उन्हें साजिश का रूप देकर राजनीतिक सहानुभूति हासिल करने का प्रयास किया जाए।