झालावाड़: वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित, सुरक्षित बैंकिंग और योजनाओं की दी जानकारी

झालावाड़: वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित, सुरक्षित बैंकिंग और योजनाओं की दी जानकारी

झालावाड़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जिला मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, धनवाड़ा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर और प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वृद्धजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी हासिल की।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप निदेशक रामनिवास यादव ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि सरकार वृद्धजनों की देखभाल और सम्मान के लिए लगातार प्रयासरत है। इस दौरान अतिथियों और उपस्थित वृद्धजनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

कार्यशाला में एफएलसीसी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया झालावाड़ के एजाज अहमद अंसारी ने वरिष्ठ नागरिकों को बैंकिंग लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल और पारंपरिक बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। वहीं केंद्र प्रबंधक राहुल प्रजापत ने बैंकिंग प्रक्रियाओं और नियमों को सरल भाषा में समझाया।

कार्यक्रम में योगिता उद्यमिता एवं विकास संस्थान द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह के साथ ही जयमाता मानव कल्याण समिति वृद्धाश्रम खानपुर, आस्था ग्रामीण सेवा समिति वृद्धाश्रम पिड़ावा और राजमाता विजयाराजे सिंधिया वृद्धाश्रम चौमहला के वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

समापन अवसर पर संस्थान की सचिव प्रतिमा सिंह चौहान ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनकी देखभाल के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में उप निदेशक रामनिवास यादव ने सभी अतिथियों, संस्था प्रभारियों और उपस्थित वृद्धजनों का आभार जताया। कार्यक्रम में विभागीय कार्मिक भी मौजूद रहे।