कोटा- AIRF एवं WCREU ने दरा हादसे पर की उच्च स्तरीय जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

कोटा- AIRF एवं WCREU ने दरा हादसे पर की उच्च स्तरीय जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

यतीश व्यास 

कोटा, 29 मई। दरा अंडर ब्रिज कार्य के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना में दो रेल इंजीनियरों की मौत के बाद रेल कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इस घटना के विरोध में ऑल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन (AIRF) एवं वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में डीआरएम को ज्ञापन सौंपा गया।

एआईआरएफ के महामंत्री मुकेश गालव एवं इरशाद खान ने बताया कि टनल कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से एसएसई संजय झा एवं जेई (वर्क्स) प्रभात सिंह की मृत्यु हुई, जिससे पूरे रेल कर्मचारी परिवार में शोक एवं रोष व्याप्त है। उन्होंने ने कहा कि यह केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं रेलवे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कमजोर निगरानी को उजागर करती हैं।

संघ ने मांग की कि दरा हादसे की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी मंडलों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन, नियमित सुरक्षा ऑडिट, जोखिम मूल्यांकन और प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और सुरक्षा उपकरणों सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

रेल कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।