कोटा- शिक्षाविद् शिवप्रसाद शर्मा की स्मृति में सम्मान समारोह आयोजित

कोटा- शिक्षाविद् शिवप्रसाद शर्मा की स्मृति में सम्मान समारोह आयोजित

यतीश व्यास 

कोटा। रंगीतिका साहित्य संस्थान की ओर से गुरुवार को सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय सभागार में शिक्षाविद् स्वर्गीय पंडित शिवप्रसाद शर्मा की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी स्नेहलता लता द्वारा अपने स्वर्गीय ससुर की स्मृति में किया गया। यह आयोजन उन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना, जो अपने माता-पिता के सम्मान और संस्कारों को सर्वोपरि मानते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शशी जैन द्वारा मां सरस्वती की आराधना के साथ किया गया। समारोह में काव्य रत्न सम्मान के अंतर्गत नवोदित साहित्यकार अदिति शर्मा एवं नवोदित कवि किशन प्रणय को 2100 रुपए की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कला रत्न सम्मान अब्दुल सलाम खान को तथा “शिक्षा रत्न सम्मान” राजस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय गणेश पाल की अध्यापिका चंचल आमेरा को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिरला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कथाकार विजय जोशी एवं डॉ. दीपक श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार जितेन्द्र निर्मोही ने की।

संस्थान की संस्थापक स्नेहलता शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। लेखिका सुमनलता शर्मा ने स्वर्गीय पंडित शिवप्रसाद शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। नवोदित कवि किशन प्रणय का परिचय अतुल चतुर्वेदी ने, अदिति शर्मा का परिचय डॉ. सुशीला जोशी ने, चंचल आमेरा का परिचय रीता गुप्ता ने तथा अब्दुल सलाम खान का परिचय राम शर्मा ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित राष्ट्रवादी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पूर्व घोषित नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहर के साहित्यकार, गणमान्य नागरिक, परिजन एवं रंगीतिका साहित्य संस्थान परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ इंदु वाला शर्मा और महेश पंचोली ने किया।