कोटा- 3 जून को कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय अधिवेशन, पदभार ग्रहण समारोह भी होगा आयोजित

कोटा- 3 जून को कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय अधिवेशन, पदभार ग्रहण समारोह भी होगा आयोजित

यतीश व्यास 

कोटा 20 मई। कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण समारोह आगामी 3 जून को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रहलाद गुंजल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा जातिगत जनगणना को लेकर किया जा रहा संघर्ष सराहनीय है। इससे ओबीसी वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति की वास्तविक तस्वीर देश के सामने आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की सहमति से कोटा संभाग, शहर और देहात में ओबीसी प्रकोष्ठ की मजबूत एवं सक्रिय कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिससे कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का आह्वान करते हुए बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गली-गली और बूथ-बूथ तक पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दें। देहात प्रभारी रघुनाथ परमार ने विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर तक ओबीसी प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी गठित करने की आवश्यकता बताई। शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पूरी टीम कार्य कर रही है। देहात अध्यक्ष टीकम चंद सुमन ने अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया। 

बैठक में पूर्व पार्षद धनराज चैची, योगेश सुमन, पूर्व चेयरमैन नसरुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।