ई-फार्मेसी के खिलाफ देशभर में कल बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर्स, ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक की मांग

ई-फार्मेसी के खिलाफ देशभर में कल बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर्स, ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक की मांग

कोटा। ऑनलाइन और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स पर दवाओं की बिक्री के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने 20 मई को देशव्यापी बंद का ऐलान किया है। संगठन का दावा है कि इस बंद के दौरान दिल्ली में करीब 15 हजार और देशभर में लगभग 7 से 8 लाख मेडिकल स्टोर्स बंद रह सकते हैं। हालांकि, आपातकालीन दवा सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।

संगठन का आरोप है कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां भारी छूट, तेज डिलीवरी और आक्रामक मार्केटिंग के जरिए छोटे मेडिकल स्टोर्स के कारोबार को प्रभावित कर रही हैं। दिल्ली रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन केमिस्ट अलायंस (RDCA) के अध्यक्ष संदीप नांगिया ने कहा कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते प्रभाव से पारंपरिक मेडिकल कारोबार संकट में है।

वहीं केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के सूत्रों के अनुसार, कई राज्य स्तरीय रिटेल फार्मेसी एसोसिएशनों ने इस हड़ताल से दूरी बना ली है और आम लोगों को दवाओं की उपलब्धता सामान्य बनाए रखने का भरोसा दिया है।

हड़ताल को लेकर मरीजों और परिजनों में दवाओं की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई है, हालांकि संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जीवनरक्षक और आपातकालीन दवाओं की सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।