अनुशासन, विचार और संगठन से मजबूत बनती है भाजपा- छगन माहुर

अनुशासन, विचार और संगठन से मजबूत बनती है भाजपा- छगन माहुर

यतीश व्यास 

कोटा 18 मई। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत झालावाड़ जिले के पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रविवार को भवानीमंडी में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा की अध्यक्षता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उद्घाटन सत्र में विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, मानसिंह चौहान, कन्हैयालाल पाटीदार, जिला महामंत्री दिनेश अग्रवाल एवं वर्ग संयोजक हेमंत सिंह सोजपुर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भवानीमंडी नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन ने बताया कि प्रथम सत्र में कार्यपद्धति विषय पर संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की बैठकें संगठन के कार्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि आज के संचार क्रांति के दौर में वर्चुअल बैठकों का भी विशेष महत्व है। कार्यशालाएं, प्रवास, प्रशिक्षण, कार्यालय, आंदोलन एवं कार्यक्रम भाजपा की कार्यपद्धति की विशेष पहचान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विचार निष्ठा, समर्पण, पारिवारिक भावना, समन्वय और संवाद के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

द्वितीय सत्र में भाजपा का इतिहास एवं विकास विषय पर राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि भारतीय चिंतन पर आधारित सकारात्मक राजनीतिक विकल्प देने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर 1951 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी। उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक के सफर, आपातकाल विरोधी आंदोलन और भाजपा के विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल बनने तक की यात्रा पर प्रकाश डाला।

तृतीय सत्र में कोटा के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकुट नागर ने कार्यकर्ता विकास, संभाल एवं दायित्वबोध विषय पर कहा कि संगठन में पारिवारिक भाव और आत्मीय संबंध विकसित करना भाजपा की कार्यशैली की प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं के व्यवहार से ही नए लोग पार्टी से जुड़ते हैं।

चतुर्थ सत्र में बूंदी संगठन प्रभारी गौरव शर्मा ने सिद्धांत का स्थान एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद विषय पर कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित दल है, जिसकी मूल भावना “राष्ट्र प्रथम” है। उन्होंने कहा कि पार्टी पंचनिष्ठाओं के आधार पर समाज जीवन में कार्य करती है।

पंचम सत्र में प्रशिक्षण प्रभारी राजेंद्र नागर अंताणा ने कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्य विस्तार आवश्यक है। वहीं अंतिम सत्र में शिवांगी सिकरवार ने सोशल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सकारात्मक और नियमित संवाद के माध्यम से सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक हेमंत सिंह ने बताया कि दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में जिले के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन से पूर्व जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा को दर्शाती प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया।