कोटा मेडिकल कॉलेज प्रकरण में दो डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी निलंबित, अधीक्षकों को थमाए कारण बताओ नोटिस

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा मेडिकल कॉलेज से जुड़े प्रसूताओं की मौत और स्वास्थ्य बिगड़ने के मामले में सरकार ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के आचार्य डॉ. बीएल पाटीदार और सह आचार्य डॉ. खुशबू मीणा को निलंबित कर दिया है। वहीं, जेके लोन अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी पिंकी खींची और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी मीनाक्षी मीणा को भी सस्पेंड किया गया है।

इसके अलावा जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सरकार ने दोनों अधिकारियों से व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर जवाब मांगा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने कोटा पहुंचकर अस्पतालों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने ICU, ऑपरेशन थिएटर और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सा प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रमुख शासन सचिव ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही चिकित्सा सेवाओं की निगरानी और जवाबदेही बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।