सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ वातानुकूलित प्रीमियम प्रतीक्षालय, कोटा मंडल में अपनी तरह की पहली सुविधा, यात्रियों को वाईफाई व जलपान की सुविधा

सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ वातानुकूलित प्रीमियम प्रतीक्षालय, कोटा मंडल में अपनी तरह की पहली सुविधा, यात्रियों को वाईफाई व जलपान की सुविधा

यतीश व्यास 

कोटा 11 मई। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब आधुनिक और आरामदायक प्रतीक्षा सुविधा मिलेगी। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने स्टेशन पर प्रीमियम वातानुकूलित सशुल्क प्रतीक्षालय शुरू किया है। कोटा मंडल में यह अपनी तरह की पहली सुविधा बताई जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सवाई माधोपुर से प्रतिदिन करीब 20 हजार लोग यात्रा करते हैं। रणथम्भौर वन्यजीव अभ्यारण्य होने के कारण यहां देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या भी अधिक रहती है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह प्रतीक्षालय शुरू किया गया है।

प्रतीक्षालय में वाईफाई, जलपान, गर्म पानी, सशुल्क शौचालय और यात्रा सहायता डेस्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों के लिए प्रवेश शुल्क वयस्कों हेतु ₹10 प्रति घंटा, 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए ₹5 प्रति घंटा रखा गया है, जबकि 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। रेल प्रशासन के अनुसार जलपान गृह में खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध होंगे।