कोटा- भीमगंजमंडी पुलिस ने चाकू के दम पर लूट करने वाली गैंग का सरगना दबोचा, हथियार सहित किया गिरफ्तार

कोटा- भीमगंजमंडी पुलिस ने चाकू के दम पर लूट करने वाली गैंग का सरगना दबोचा, हथियार सहित किया गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा 7 मई। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने अवैध हथियार के दम पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग के मुख्य सरगना सन्नी चावरिया उर्फ भूरिया को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू तथा बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भीमगंजमंडी थानाधिकारी रामकिशन ने बताया कि गुरुवार देर रात एएसआई कमलेश कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान माला रोड स्थित पुरानी डेयरी फार्म के सामने संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चाकू मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सन्नी चावरिया उर्फ भूरिया निवासी नेहरू नगर कोटा जंक्शन हाल निवासी बॉम्बे योजना रंगबाड़ी बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि करीब 15 से 20 दिन पूर्व उसने अपनी गैंग के साथ मिलकर आरटीओ ऑफिस के पास एक ट्रक चालक को चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ गैंग बनाकर रात के समय सुनसान इलाकों में घूमता था और अकेले मिलने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूट करता था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर प्रवृत्ति का है और अवैध हथियार रखकर लोगों में भय पैदा करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गैंग के अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।