कोटा- लग्जरी फ्लैट में ‘IPL सट्टा हेडक्वार्टर’ ध्वस्त, कोटा पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप, हाई-टेक सट्टेबाज गिरफ्तार

कोटा- लग्जरी फ्लैट में ‘IPL सट्टा हेडक्वार्टर’ ध्वस्त, कोटा पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप, हाई-टेक सट्टेबाज गिरफ्तार

यतीश व्यास


कोटा 6 मई। शहर में आईपीएल और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुन्हाड़ी इलाके के एक लग्जरी फ्लैट में संचालित हाई-टेक सट्टा सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो सट्टेबाजों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन, एक कैलकुलेटर और लाखों के लेन-देन से जुड़े दो रजिस्टर जब्त किए हैं।

एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर थानाधिकारी देवेश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में आईपीएस प्रोबेशनर सिद्धार्थ श्रीवास्तव भी शामिल रहे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुन्हाड़ी स्थित कृष्णा पैराडाइज के फ्लैट नंबर 341 में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी हिमांशू तम्बोली (27) और शोयब उर्फ राजू (31) को रंगे हाथों पकड़ा। 

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहे थे। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाते थे। सट्टे का पूरा हिसाब रजिस्टर में दर्ज कर ऑनलाइन खातों के जरिए लेन-देन किया जाता था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों के पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस नहीं मिला। आरोपी लोगों को ऑनलाइन गेमिंग में जीत का लालच देकर पैसे ऐंठते थे।

प्राथमिक जांच में यह मामला बड़े सट्टा नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टा आईडी कहां से जनरेट हुई और इसके तार किन बड़े सट्टेबाजों से जुड़े हैं। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों और ग्राहकों की सूची भी खंगाली जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।