कोटा कॉम्प्लेक्स में हरित ऊर्जा की बड़ी पहल, डीसीएम श्रीराम की 68 मेगावाट हाइब्रिड परियोजना शुरू

कोटा कॉम्प्लेक्स में हरित ऊर्जा की बड़ी पहल, डीसीएम श्रीराम की 68 मेगावाट हाइब्रिड परियोजना शुरू

यतीश व्यास 

कोटा 4 मई। डीसीएम श्रीराम लिमिटेड ने स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने कोटा कॉम्प्लेक्स के लिए 68 मेगावाट क्षमता की पवन-सौर हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना का सफलतापूर्वक संचालन शुरू कर दिया है। यह परियोजना औसतन लगभग 34 मेगावाट बिजली उत्पादन करेगी, जिससे कंपनी के ऊर्जा ढांचे में बड़ा बदलाव आएगा।

परियोजना का औपचारिक शुभारंभ कार्यकारी निदेशक एवं रेजिडेंट हेड वीनू मेहता ने किया। इस पहल के साथ ही कोटा कॉम्प्लेक्स में नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति शुरू हो गई है, जो स्वच्छ और स्थिर ऊर्जा उपलब्ध कराने में सहायक होगी।

यह परियोजना एसपीवी के रूप में जेएसडब्ल्यू रिन्यू एनर्जी थर्टी टू लिमिटेड के माध्यम से विकसित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य मौजूदा 40 मेगावाट कोयला आधारित बिजली आपूर्ति को धीरे-धीरे प्रतिस्थापित करना है, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी।

डीसीएम श्रीराम की यह पहल न केवल कार्बन फुटप्रिंट घटाने की दिशा में अहम है, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेगी। पवन और सौर ऊर्जा के संयोजन से तैयार यह हाइब्रिड मॉडल बिजली उत्पादन को अधिक विश्वसनीय और संतुलित बनाएगा।

इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही कंपनी ने अपने औद्योगिक संचालन को देश के हरित ऊर्जा और जलवायु लक्ष्यों के अनुरूप ढालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह पहल जिम्मेदार औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।