कोटा- 15 में से सिर्फ 2 के पास फायर एनओसी, शहर के कॉम्पलेक्सों और व्यवसायिक भवनों में सुरक्षा भगवान भरोसे, संचालकों को नोटिस देकर सुधार के दिए निर्देश

कोटा- 15 में से सिर्फ 2 के पास फायर एनओसी, शहर के कॉम्पलेक्सों और व्यवसायिक भवनों में सुरक्षा भगवान भरोसे, संचालकों को नोटिस देकर सुधार के दिए निर्देश

यतीश व्यास


कोटा 4 मई। नगर निगम की टीम ने शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर कर दी है। आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के निर्देश पर चीफ फायर ऑफ़िसर राकेश व्यास के नेतृत्व में गठित टीमों ने सोमवार को शहर के विभिन्न व्यवसायिक भवनों का निरीक्षण किया।

रंगबाड़ी, महावीर नगर, तलवंडी, गुमानपुरा और स्टेशन रोड सहित प्रमुख इलाकों में संचालित मार्ट, कॉम्पलेक्स और व्यावसायिक भवनों का सर्वे किया गया। जांच के दौरान कुल 15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण हुआ, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से सिर्फ 2 के पास ही फायर एनओसी पाई गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश भवनों में अग्निशमन के आवश्यक प्रावधान अधूरे मिले। टीम ने संबंधित संचालकों को तुरंत फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि शहर के व्यावसायिक भवनों में आग जैसी आपदा से निपटने की तैयारियां बेहद कमजोर हैं, जो कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं।