कोटा- अवैध संबंध और घरेलू कलह ने ली जान, पत्नी समेत 3 गिरफ्तार, गला दबाकर की हत्या, वारदात को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश, हिण्डौन सिटी से मुख्य आरोपी दबोचा

कोटा- अवैध संबंध और घरेलू कलह ने ली जान, पत्नी समेत 3 गिरफ्तार, गला दबाकर की हत्या, वारदात को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश, हिण्डौन सिटी से मुख्य आरोपी दबोचा

यतीश व्यास 

कोटा, 3 मई। शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि 1 मई को आंवली क्षेत्र में एक व्यक्ति की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया और शव के गले पर चोट के निशान मिलने पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। साथ ही पत्नी के कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क भी थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पत्नी की नजदीकी आरोपी देवेश शर्मा से हो गई थी और दोनों ने मिलकर अन्य साथी विष्णु सिंह राठौड़ के साथ साजिश रची। घटना वाले दिन तीनों आरोपी घर पहुंचे और विवाद के दौरान मृतक का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपियों ने शव को पलंग पर लिटाकर सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुख्य आरोपी देवेश शर्मा का पीछा करते हुए कोटा से हिण्डौन सिटी तक ट्रैक किया। ब्रह्मपुरी कॉलोनी के पास एक खेत में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।