चुनाव खत्म होते ही महंगाई का बड़ा झटका- कमर्शियल LPG सिलेंडर करीब ₹1000 महंगा, आज से नए रेट लागू, महानगरों में ₹3000 पार, कारोबारियों की कमर टूटी

चुनाव खत्म होते ही महंगाई का बड़ा झटका- कमर्शियल LPG सिलेंडर करीब ₹1000 महंगा, आज से नए रेट लागू, महानगरों में ₹3000 पार, कारोबारियों की कमर टूटी

बंगाल में चुनावी शोर थमते ही महंगाई ने आम आदमी और कारोबारियों पर सीधा वार कर दिया। 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में करीब ₹1000 तक की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ ही गैस डिलीवरी व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव करते हुए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) सिस्टम अनिवार्य कर दिया गया है।

महानगरों में कीमतें ₹3000 के पार-

इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के अनुसार दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर ₹993 महंगा होकर ₹3071.50 पहुंच गया है। कोलकाता में ₹994 की बढ़ोतरी के साथ कीमत ₹3202 हो गई। मुंबई में सिलेंडर ₹3024 और चेन्नई में ₹3237 तक जा पहुंचा है। हालांकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत है, क्योंकि 14.2 किलो के सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया।

यूपी-बिहार में भी रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी-

उत्तर प्रदेश के शहरों में भी कमर्शियल गैस ने जेब पर जोरदार चोट की है। लखनऊ में सिलेंडर ₹2201 से उछलकर ₹3194 हो गया। गोरखपुर में कीमत ₹3255.5 तक पहुंच गई, जबकि आगरा में ₹3125.5 में सिलेंडर मिलेगा। बिहार की राजधानी पटना में तो रेट ₹3361 तक जा पहुंचा है।

कारोबारियों पर सीधा असर-

होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के लिए यह बढ़ोतरी बड़ा झटका साबित हो रही है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे व्यापारियों के सामने अब लागत बढ़ने का संकट खड़ा हो गया है, जिसका असर आम ग्राहकों की जेब पर भी पड़ना तय माना जा रहा है।

डिलीवरी में नया नियम लागू-

अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी बिना DAC कोड के नहीं होगी। उपभोक्ताओं को मोबाइल पर मिलने वाला कोड डिलीवरी बॉय को बताना होगा, तभी सिलेंडर मिलेगा। सरकार का दावा है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, लेकिन उपभोक्ताओं के लिए यह नई प्रक्रिया झंझट भी बढ़ा सकती है।