कोटा: महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, इंडी गठबंधन ने नारी सम्मान के मिशन को किया नाकाम– छगन माहुर

कोटा: महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, इंडी गठबंधन ने नारी सम्मान के मिशन को किया नाकाम– छगन माहुर

यतीश व्यास 

कोटा। महिला आरक्षण कानून और डीलिमिटेशन से जुड़े 131वें संवैधानिक संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित न हो पाने पर सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर महिला विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया।

माहुर ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सभी दलों ने महिला आरक्षण के खिलाफ मतदान कर अपना असली चेहरा उजागर कर दिया है। उनके मुताबिक, यह विधेयक केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को अधिकार और सम्मान देने की दिशा में बड़ा कदम था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी दलों से राजनीति से ऊपर उठकर अंतरात्मा की आवाज सुनने की अपील की थी, लेकिन विपक्ष ने संकीर्ण राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी। इंडी गठबंधन ने महिला सशक्तिकरण और नारी सम्मान के मिशन को बलि चढ़ा दिया। 

माहुर ने कहा कि इस फैसले से विपक्ष की कथनी और करनी का अंतर साफ हो गया है और देश की जनता अब उनसे जवाब मांगेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भले ही बिल पारित नहीं हो पाया हो, लेकिन भाजपा का संकल्प और मजबूत हुआ है। भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण और नारी सम्मान के लिए अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।