कोटा: आगरा में परशुराम चौक पर उत्पात, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

कोटा: आगरा में परशुराम चौक पर उत्पात, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

कोटा/आगरा, 15 अप्रैल। मनोज दुबे ने आगरा में परशुराम चौक पर हुई कथित अव्यवस्था को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को सुनियोजित बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय राष्ट्रीय संयुक्त ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुबे ने कहा कि अंबेडकर जयंती के मौके पर कुछ लोगों द्वारा परशुराम चौक पर चढ़कर उत्पात मचाया गया। आरोप है कि उपद्रवियों ने जूते पहनकर चौक पर चढ़ाई की, धार्मिक प्रतीकों को हटाया और वहां अपने झंडे लगाने का प्रयास किया।

दुबे ने इसे भगवान परशुराम के अपमान से जोड़ते हुए कहा कि यह घटना जन्मोत्सव से पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां समाज में तनाव पैदा करती हैं और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि इस घटना से देशभर में ब्राह्मण समाज में आक्रोश बढ़ रहा है।