कोटा: ड्यूटी के साथ खेल में दम, रेल कर्मचारी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

कोटा: ड्यूटी के साथ खेल में दम, रेल कर्मचारी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा रेल मंडल की कनिष्ठ लिपिक कविता कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। उन्होंने जयपुर में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-2 की शॉट पुट ( गोला फेंक ) स्पर्धा में 13.75 मीटर का थ्रो कर तीसरा स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता रविवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें देश के कई एथलीटों ने भाग लिया। 

गौरतलब है कि इंडियन एथलेटिक्स सीरीज भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) द्वारा शुरू की गई 16 चरणों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता श्रृंखला है, जो अप्रैल से सितंबर 2026 तक देश के विभिन्न शहरों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा उपलब्ध कराना और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी को मजबूत करना है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कविता कुमारी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।