कोटा: हनुमान जन्मोत्सव पर अनूठी मिसाल- मुस्लिम समाज के इरशाद अली ने उठाई पालकी, दिया सद्भाव का संदेश, डीसीएम क्षेत्र में गोकर्ण गौ सेवक फाउंडेशन की भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

कोटा: हनुमान जन्मोत्सव पर अनूठी मिसाल- मुस्लिम समाज के इरशाद अली ने उठाई पालकी, दिया सद्भाव का संदेश, डीसीएम क्षेत्र में गोकर्ण गौ सेवक फाउंडेशन की भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

यतीश व्यास 

कोटा। गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहरभर में सैकड़ों शोभायात्राएं निकाली गईं, लेकिन डीसीएम क्षेत्र में गोकर्ण गौ सेवक फाउंडेशन द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में अनूठी मिसाल पेश की गई। शोभायात्रा का आयोजन मंगलमुखी नैना देवी, चेतन गुर्जर और मनीष घेंघट के नेतृत्व में किया गया।

इस दौरान एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रदेश सह-संयोजक इरशाद अली ने हनुमान जी की पालकी उठाई। माथे पर तिलक और कंधों पर पालकी उठाए इरशाद अली की यह छवि सामाजिक समरसता और अनेकता में एकता का संदेश देती नजर आई।

इस अवसर पर इरशाद अली ने कहा कि हनुमान जी शक्ति, भक्ति और निष्ठा के प्रतीक हैं। उन्होंने राम के प्रति अपने समर्पण से सेवा और श्रद्धा की मिसाल पेश की। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची लगन और मेहनत से हर कठिनाई को पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम वेद-पुराणों को केवल धर्म से जोड़कर न देखें, बल्कि उन्हें अपने कर्म और आचरण में उतारें।

मंगलमुखी नैना देवी ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का अवसर भी है। गोकर्ण गौ सेवक फाउंडेशन द्वारा निकाली गई इस शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जब अलग-अलग धर्मों के लोग एक साथ आकर ऐसे आयोजनों में भाग लेते हैं, तो यह देश की अखंड भारत की भावना को मजबूत करता है।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और आपात व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की ओर से एंबुलेंस तथा अग्निशमन विभाग की ओर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रही। वहीं पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। विशेष रूप से उद्योग नगर थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई जिससे पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रही।

शोभायात्रा में मनीष मेघवाल (प्रदेश अध्यक्ष, मेघवाल समाज), राहुल, रवि डाबर, विशाल, कुणाल, राजकुमार, निखिल, आशु बोयत, राम, आकाश, विपनव, मेहुल गुर्जर, बैय्यू बना और किशन गुर्जर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।