भाजपा ने छगन माहुर को सौंपी मुख्यमंत्री के गृह संभाग भरतपुर की चुनावी कमान

भाजपा ने छगन माहुर को सौंपी मुख्यमंत्री के गृह संभाग भरतपुर की चुनावी कमान

यतीश व्यास 

कोटा। आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश संगठन ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। प्रदेश नेतृत्व ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह क्षेत्र एवं गृह संभाग भरतपुर में चुनावी प्रबंधन और संपूर्ण संगठनात्मक संचालन की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता छगन माहुर को सौंपी है।

मुख्यमंत्री के गृह संभाग होने के कारण भरतपुर संभाग को आगामी पंचायत चुनाव में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी को देखते हुए प्रदेश संगठन ने माहुर को यह जिम्मेदारी दी है। संघ पृष्ठभूमि से जुड़े माहुर को एबीवीपी और युवा मोर्चा में लंबे संगठनात्मक अनुभव के साथ पार्टी संगठन में भी कार्य करने का अनुभव है।

जिम्मेदारी मिलने के बाद माहुर ने कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत रणनीति तैयार की जाएगी। भाजपा सभी जिला परिषदों और पंचायत समितियों में मजबूत प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

माहुर ने बताया कि नियुक्ति के बाद भरतपुर संभाग के भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, डीग और गंगापुर सिटी जिलों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान टिकट वितरण के लिए स्क्रीनिंग प्रक्रिया, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से फीडबैक तथा ब्लॉक स्तर पर चुनावी बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।