केरल के कलरी कौशल से सजेगा कोटा का अनंत चतुर्दशी जुलूस, 25 सितंबर को सूरजपोल से निकलेगी विराट शोभायात्रा

केरल के कलरी कौशल से सजेगा कोटा का अनंत चतुर्दशी जुलूस, 25 सितंबर को सूरजपोल से निकलेगी विराट शोभायात्रा

यतीश व्यास 

कोटा, 1 सितंबर। अनंत चतुर्दशी महोत्सव इस बार भक्ति, शौर्य और संस्कृति के अनूठे संगम के रूप में नजर आएगा। 25 सितंबर को निकलने वाली विराट शोभायात्रा में पहली बार केरल का पारंपरिक युद्ध कौशल एवं मार्शल आर्ट ‘कलरी’ विशेष आकर्षण रहेगा। करीब 18 से 19 घंटे तक चलने वाली शोभायात्रा में चार से पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।

अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति की अध्यक्ष महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती ने पत्रकार वार्ता में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहरवासियों से पीओपी के बजाय मिट्टी और गोबर से बनी गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने की अपील की।

समिति प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 200 झांकियां एवं अखाड़े, 10 भजन मंडलियां और 10 डांडिया मंडलियां शामिल होंगी। मार्ग में करीब 150 स्वागत समितियां श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगी। आयोजन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

सूरजपोल से शुरू होकर बारहदरी पहुंचेगा जुलूस-

शोभायात्रा 25 सितंबर को दोपहर 11.30 बजे सूरजपोल गेट से रवाना होगी। यह मोखापाड़ा, कैथूनीपोल, सब्जीमंडी, चरखंभा, रामपुरा और आर्य समाज मार्ग से होते हुए बारहदरी पहुंचेगी। समिति ने प्रशासन से मार्गों की मरम्मत, बिजली व टेलीफोन तारों की दुरुस्ती, जर्जर भवनों के आसपास सुरक्षा तथा विसर्जन के लिए अस्थायी कुंड बनाने की मांग की है।

350 स्वयंसेवक संभालेंगे सुरक्षा-

शोभायात्रा की व्यवस्था के लिए 200 पुरुष और 150 महिला सुरक्षा स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। वहीं, गणेश स्थापना समिति की ओर से मिट्टी और गोबर से निर्मित 1100 गणेश प्रतिमाएं निःशुल्क वितरित की जाएंगी।

पत्रकार वार्ता में समिति संरक्षक जटाशंकर शर्मा सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।