कोटा: चुनाव के बीच साइबर ठग सक्रिय, फर्जी लिंक और डीपफेक से रहें सतर्क, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

कोटा: चुनाव के बीच साइबर ठग सक्रिय, फर्जी लिंक और डीपफेक से रहें सतर्क, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

यतीश व्यास 

कोटा। नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम और ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार साइबर ठग वोटर लिस्ट, पोलिंग बूथ बदलने या वोटर कार्ड अपडेट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ओटीपी, बैंक विवरण और यूपीआई पिन हासिल कर सकते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक नहीं करें और चुनाव संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही लें।

डीपफेक और फर्जी वीडियो से भी सावधान-

चुनाव के दौरान नेताओं के नाम से फर्जी वीडियो, ऑडियो और डीपफेक सामग्री वायरल की जा सकती है। बिना पुष्टि ऐसी सामग्री को आगे फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की गई है। प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया अकाउंट पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन और मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई है।

क्यूआर कोड से भी हो सकती है ठगी-

चुनावी चंदे या फंड रेजिंग के नाम पर भेजे गए यूपीआई लिंक और क्यूआर कोड की जांच किए बिना कोई लेन-देन नहीं करें। चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों को सार्वजनिक वाई-फाई और असुरक्षित डिवाइस पर संवेदनशील चुनावी जानकारी साझा नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल-

साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। राजस्थान साइबर हेल्पडेस्क के नंबर 9256001930 और 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।