दसलाना स्कूल में सजी ‘शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका’, हरियाली का दिया संदेश

दसलाना स्कूल में सजी ‘शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका’, हरियाली का दिया संदेश

यतीश व्यास 

कोटा, 14 अगस्त। राजस्थान सरकार के हरियालो राजस्थान एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दसलाना में ‘शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका’ का उद्घाटन किया गया। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री के ओएसडी सतीश गुप्ता रहे। अध्यक्षता शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 के अध्यक्ष एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय रामचरण मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अंता गायत्री मीणा, सहकारी सभा के उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार नागर एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर विशिष्ट अतिथि रहे।

सतीश गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यालयों में विकसित की जा रही वाटिकाएं विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण का संस्कार भी देंगी। पौधारोपण तभी सार्थक है, जब पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।

प्रकाश जायसवाल ने कहा कि ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों को केंद्र बनाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अतिथियों ने वाटिका में आंवला, सहजन और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। अतिथियों, शिक्षकों एवं स्काउट-गाइड ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम संयोजक एवं संचालक कमल कुमार शर्मा तथा प्रधानाचार्य विभोर गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। स्काउट-गाइड प्रभारी प्रेमा पांडे के मार्गदर्शन में स्काउट-गाइड ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका मीणा ने किया। अंत में प्रधानाचार्य विभोर गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।