बारां: शेरगढ़ में आज विशाल रक्तदान शिविर का होगा आयोजन, 151 यूनिट संग्रह का लक्ष्य

बारां। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं रक्त कोष फाउंडेशन बारां के संयुक्त तत्वावधान में समाजसेवी सुरेंद्र बरखेड़ी के जन्मदिवस पर 6 अगस्त को शेरगढ़ में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में 151 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।

शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र के युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि शिविर के कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र बरखेड़ी, शिविर प्रभारी नंदलाल केसरी तथा समन्वयक डॉ. अनिल मरमिट को बनाया गया है। आयोजन समिति शेरगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रही है।

संस्था के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होता है। शिविर स्थल पर रक्तदाताओं के लिए पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, अल्पाहार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी।