आखिर ऐसा क्या हुआ कि चांदना के बोलते ही मंच छोड़कर चले गए प्रहलाद गुंजल? ‘छात्रों की गूंज’ के मंच पर दिखी सियासी दूरी

आखिर ऐसा क्या हुआ कि चांदना के बोलते ही मंच छोड़कर चले गए प्रहलाद गुंजल?  ‘छात्रों की गूंज’ के मंच पर दिखी सियासी दूरी

यतीश व्यास 

कोटा। कांग्रेस के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में जहां छात्रों के मुद्दे, भीड़ और नेताओं की ताकत चर्चा का विषय बनी रही, वहीं एक घटनाक्रम ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। जैसे ही कांग्रेस नेता अशोक चाँदना ने मंच से अपना संबोधन शुरू किया, उसी दौरान पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल मंच छोड़कर नीचे उतर गए।

गुंजल के मंच से उतरते ही उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। कुछ ही मिनटों में सभा स्थल पर भीड़ काफी कम हो गई और मंच के सामने की अधिकांश जगह खाली नजर आने लगी। इसके बाद मंचासीन नेताओं ने भी कार्यक्रम को ज्यादा देर तक नहीं खींचा और संबोधन का क्रम जल्द समाप्त कर दिया।

अब यही सवाल चर्चा का विषय है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि चांदना के भाषण के दौरान प्रहलाद गुंजल मंच छोड़कर चले गए? क्या यह महज संयोग था, पहले से तय कार्यक्रम का हिस्सा था या फिर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति का कोई संकेत। इस पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हालांकि, कार्यक्रम के बाद शहर की राजनीतिक चर्चाओं में यह घटनाक्रम सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा। वहीं गुंजल समर्थक इसे संयोग बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे कांग्रेस के भीतर चल रहे शक्ति संतुलन और नेतृत्व की खींचतान के नजरिए से भी देख रहे हैं।