चित्तौड़गढ़ से पंजाब जा रही 54 किलो डोडा चूरा की खेप कोटा में पकड़ी, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ से पंजाब जा रही 54 किलो डोडा चूरा की खेप कोटा में पकड़ी, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने ऑपरेशन गरुड़व्यूह फेज-2 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलो 940 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद कर पंजाब के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की तस्करी चित्तौड़गढ़ से पंजाब तक फैले नेटवर्क से जुड़ी होने की आशंका है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।

रेलवे कॉलोनी थानाधिकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीटीई विश्राम गृह के पास संदिग्ध अवस्था में दो युवकों को दो ट्रॉली बैग और दो हैंड बैग के साथ रोका गया। तलाशी लेने पर बैगों से 54 किलो 940 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगनदीप उर्फ गगन (20) और आकाशदीप सिंह (19) निवासी रामपुरा फूल, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। गगनदीप के कब्जे से 27 किलो 500 ग्राम तथा आकाशदीप के कब्जे से 27 किलो 440 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।