कोटा: आरपीएफ ने रेलवे कोचों से कॉपर वायर चोरी करने वाली गैंग पकड़ी, कबाड़ी समेत चार गिरफ्तार

कोटा: आरपीएफ ने रेलवे कोचों से कॉपर वायर चोरी करने वाली गैंग पकड़ी, कबाड़ी समेत चार गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे संपत्ति चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे कोचों से अंडर फ्रेम कॉपर वायर काटकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में निरीक्षक प्रभारी चोप सिंह डावर के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को कोटा रेलवे स्टेशन की ओल्ड पिट लाइन से तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से करीब 25 मीटर अंडर फ्रेम कॉपर वायरिंग केबल, कटर, चाकू और पेचकश बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे कोचों से वायर काटकर चोरी करना और तांबा निकालकर कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरपीएफ ने रंगपुर रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर दबिश देकर हर्ष वर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग 13 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार बरामद हुआ।

आरपीएफ के अनुसार मामले में चोरी गई रेलवे संपत्ति के रूप में कुल 16.5 किलोग्राम कॉपर बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अनाधिकृत कब्जा) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।