6000 किमी की ट्रांसएम बाइक रेस पूरी कर कोटा के नितिन ने रचा इतिहास, अमेरिका में दुनिया की सबसे कठिन सेल्फ-सपोर्टेड अल्ट्रा एंड्योरेंस साइक्लिंग पूरी की

6000 किमी की ट्रांसएम बाइक रेस पूरी कर कोटा के नितिन ने रचा इतिहास, अमेरिका में दुनिया की सबसे कठिन सेल्फ-सपोर्टेड अल्ट्रा एंड्योरेंस साइक्लिंग पूरी की

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा के अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा एंड्योरेंस साइक्लिस्ट एवं मैराथन धावक नितिन सैनी ने अमेरिका में आयोजित विश्व की प्रतिष्ठित  ट्रांसएम बाइक रेस पूरी कर नया इतिहास रच दिया। उन्होंने अमेरिका के ओरेगन स्थित एस्टोरिया से वॉशिंगटन डीसी के लिंकन मेमोरियल तक करीब 6000 किलोमीटर की सेल्फ-सपोर्टेड अल्ट्रा एंड्योरेंस साइक्लिंग की। 

यह रेस दुनिया की सबसे कठिन साइक्लिंग प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है, जिसमें प्रतिभागियों को बिना किसी सपोर्ट टीम या वाहन के स्वयं रूट तय करना, भोजन-पानी की व्यवस्था, साइकिल की मरम्मत, ठहरने का स्थान और मौसम व ट्रैफिक जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए लगातार साइक्लिंग करनी होती है।

नितिन ने यात्रा के दौरान प्रतिदिन 250 से 350 किलोमीटर तक साइक्लिंग की।उन्होंने कहा कि यह रेस केवल साइक्लिंग नहीं, बल्कि अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की यात्रा रही और हर पल तिरंगे व कोटा का नाम उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा।

नितिन ने कहा कि उनका सपना है कि कोटा की पहचान भविष्य में एडवेंचर स्पोर्ट्स और एंड्योरेंस साइक्लिंग के क्षेत्र में भी बने तथा शहर के युवा बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित हों।

नितिन इससे पहले NorthCape4000 (यूरोप), Paris-Brest-Paris (फ्रांस), London-Edinburgh-London (यूके), Comrades Marathon (दक्षिण अफ्रीका), ISAN 2024 और कश्मीर से कन्याकुमारी साइक्लिंग अभियान सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

उनके पिता ईश्वरलाल सैनी ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे कोटा और देश के लिए गौरव का क्षण है। नितिन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, कोच, मित्रों, साइक्लिंग एवं रनिंग समुदाय, प्रायोजकों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के साथ युवाओं को एंड्योरेंस स्पोर्ट्स से जोड़ने के लिए कार्य करते रहेंगे।