व्यापारियों की सतर्कता से पकड़ी गई नकली नोटों की खेप, 59 हजार के जाली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार, बाजार में खपाने की थी साजिश, मध्यप्रदेश से लाया था जाली नोट

व्यापारियों की सतर्कता से पकड़ी गई नकली नोटों की खेप, 59 हजार के जाली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार, बाजार में खपाने की थी साजिश, मध्यप्रदेश से लाया था जाली नोट

विष्णु भारद्वाज 

बारां। बाजार में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे एक युवक को व्यापारियों की सतर्कता से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 59 हजार 300 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में नकली नोटों के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार रविवार को बपावर कस्बे के मुख्य बाजार में एक युवक संदिग्ध हालात में थैला लेकर घूम रहा था। उसके व्यवहार पर संदेह होने पर व्यापारियों ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर थैले की जांच की गई। थैले में नकली नोटों की गड्डियां मिलने पर व्यापारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची बपावरकलां थाना पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली। उसके पास से 200 रुपये के 285 और 100 रुपये के 23 जाली नोट बरामद हुए। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 59 हजार 300 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद कुशवाह (38) निवासी पिपरोदा खुर्द, थाना गुना कैंट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर संपर्क में आए रवि नाम के व्यक्ति से 20 हजार रुपये देकर ये नकली नोट खरीदे थे। इन्हें बपावर और आसपास के बाजारों में असली बताकर चलाने की योजना थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर नकली नोटों के सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।