कोटा: थाने का हिस्ट्रीशीटर अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

कोटा: थाने का हिस्ट्रीशीटर अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

यतीश व्यास 

कोटा, 9 जुलाई। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाने के हिस्ट्रीशीटर रजत पाण्डे उर्फ कालू बच्चा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। रेलवे कॉलोनी सीआई रामस्वरूप मीणा ने बताया कि सूचना मिली थी कि रंगपुर पुलिया के नीचे एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसकी जींस की जेब से जिंदा कारतूस और कमर के पीछे छिपा हुआ देशी कट्टा मिला।

पुलिस ने आरोपी रजत पाण्डे निवासी कैलाशपुरी, रेलवे कॉलोनी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, आपराधिक षड्यंत्र सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।