मुंबई की बारिश का असर: कोटा आने वाली आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट, घंटों की देरी

मुंबई की बारिश का असर: कोटा आने वाली आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट, घंटों की देरी

यतीश व्यास 

कोटा। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। मुंबई से होकर कोटा आने-जाने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इसके अलावा अनेक ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं। 

रेलवे के अनुसार 6 जुलाई को बांद्रा–जयपुर (22933), बांद्रा–हिसार (22915) तथा बांद्रा–आजमगढ़ (05184) रद्द रहेंगी। वहीं 7 जुलाई को हिसार–बांद्रा (22916) और जयपुर–बांद्रा (22934) का संचालन भी निरस्त रहेगा।

इसके अलावा बांद्रा–अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस (12925), बांद्रा–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस (12471), बांद्रा–चंडीगढ़ एक्सप्रेस (22451) तथा मुंबई–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी (12953) भी रद्द कर दी गई हैं।

वहीं मुंबई–अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल (12903) चार घंटे से अधिक की देरी से चल रही है और इसके सुबह करीब 11:30 बजे कोटा पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा मुंबई–नई दिल्ली राजधानी (12951) लगभग 6.30 घंटे, मुंबई–जयपुर सुपरफास्ट (12955) करीब 4 घंटे तथा बांद्रा–बरौनी अवध एक्सप्रेस (19037) लगभग एक घंटे की देरी से कोटा पहुंचने की संभावना है।

कोटा मंडल तक दिखा असर-

मुंबई में हुई भारी बारिश का प्रभाव कोटा रेल मंडल तक भी पहुंचा। कई ट्रेनों का संचालन रुक-रुक कर किया गया। जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट (12956) को रामगंजमंडी स्टेशन पर करीब आधा घंटा, भवानीमंडी में लगभग एक घंटा तथा शामगढ़ में करीब दो घंटे रोका गया। इस वजह से ट्रेन नागदा लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंची।