कोटा: रक्तदान से मनाया जाएगा प्रहलाद गुंजल का जन्मदिवस, 4 दिन लगेंगे शिविर, पहले ही दिन 236 यूनिट रक्त संग्रहित

कोटा: रक्तदान से मनाया जाएगा प्रहलाद गुंजल का जन्मदिवस, 4 दिन लगेंगे शिविर, पहले ही दिन 236 यूनिट रक्त संग्रहित

यतीश व्यास 

कोटा। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के 30 जून को होने वाले जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग ने चार दिवसीय सेवा पखवाड़े की शुरुआत रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर से की। मकबरा थाने के बाहर आयोजित शिविर में 236 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जबकि 370 लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया। शिविर के आयोजन में प्रेमदीप मानव सेवा समिति का सहयोग रहा।

इस अवसर पर प्रहलाद गुंजल ने कहा कि वे जन्मदिन को उत्सव के बजाय सेवा का माध्यम मानते हैं। कार्यकर्ता उनके जन्मदिवस को रक्तदान दिवस के रूप में मनाकर जरूरतमंदों की मदद करते हैं, जो उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी रहती है, ऐसे में यह अभियान कई लोगों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

ओबीसी विभाग के शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव ने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर में 370 लोगों का पंजीयन हुआ। जांच के दौरान 66 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन, एमआरआई, सीटी स्कैन, हार्ट जांच एवं अन्य उपचार की आवश्यकता पाए जाने पर उन्हें सुधा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका उपचार निशुल्क कराया जाएगा।

महासचिव प्रशांत सक्सेना ने बताया कि 27 से 30 जून तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 28 जून को नए कोटा, 29 जून को कोटा दक्षिण तथा 30 जून को कुन्हाड़ी, स्टेशन और नयापुरा में शिविर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद रहे।