कोटा: 27 जून से शुरू होगा सीए महोत्सव-2026, लर्निंग, लीडरशिप, स्पोर्ट्स, सर्विस एवं सेलिब्रेशन थीम पर होगा आयोजन

कोटा: 27 जून से शुरू होगा सीए महोत्सव-2026, लर्निंग, लीडरशिप, स्पोर्ट्स, सर्विस एवं सेलिब्रेशन थीम पर होगा आयोजन

यतीश व्यास 

कोटा। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की कोटा शाखा द्वारा आयोजित सीए महोत्सव-2026 का शुभारंभ 27 जून से होगा। लर्निंग, लीडरशिप, स्पोर्ट्स, सर्विस एवं सेलिब्रेशन थीम पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और सीए विद्यार्थियों के लिए खेल, ज्ञान, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों का अनूठा मंच बनेगा।

कोटा सीए ब्रांच के वाइस चेयरमैन सीए अंकित गुप्ता ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 27 जून को इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निजी ग्राउंड पर इंडोर गेम्स प्रतियोगिताओं से होगी। इसमें शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 28 जून को पहली बार आईपीएल की तर्ज पर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग का ऑक्शन आयोजित होगा, जिसमें टीम मालिक खिलाड़ियों की बोली लगाकर अपनी टीमों का गठन करेंगे।

उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को आईसीएआई के 78वें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर नई धान मंडी स्थित शाखा कार्यालय में ध्वजारोहण एवं सीए डे सेलिब्रेशन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हेल्थ चेकअप कैंप और रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा। 4 एवं 5 जुलाई को सीएपीएल पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता तथा 4 जुलाई को महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बड़ी संख्या में सीए सदस्य और विद्यार्थी इसमें भाग लेंगे।

महोत्सव का समापन 11 जुलाई को डीसीएम रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह, जीएसटी के नवीनतम प्रावधानों एवं चुनौतियों पर सेमिनार के साथ होगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

सीए अंकित गुप्ता ने कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स समुदाय में एकता, नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
महोत्सव के कन्वीनर सीए रोहित पाटोदी ने बताया कि कार्यक्रमों को लेकर सदस्यों और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि सीए महोत्सव ज्ञान, खेल, सेवा और सौहार्द का अनूठा संगम साबित होगा।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर कोटा सीए ब्रांच के चेयरमैन सीए अतिशय जैन, वाइस चेयरमैन सीए अंकित गुप्ता, सचिव सीए सुधांशु उपाध्याय, कोषाध्यक्ष सीए सचिन मंगल, सीकासा चेयरपर्सन सीए ख्याति भंडारी, सीपीई चेयरमैन सीए दीपक सिंघल, कार्यकारी सदस्य सीए गोविंद राम डूडी, एक्स-ऑफिसियो सदस्य सीए सतीश कुमार गुप्ता, कन्वीनर सीए अभिनव जैन एवं सीए रोहित पाटोदी सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।