कोटा: कल प्रदर्शन के दौरान ऐसी रहेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

कोटा: कल प्रदर्शन के दौरान ऐसी रहेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

यतीश व्यास 

कोटा। हाड़ौती गुर्जर महासभा के नेतृत्व में 25 जून को सीएडी चौराहे स्थित दाऊ दयाल जोशी पार्क में प्रस्तावित आमसभा एवं प्रदर्शन को देखते हुए शहर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। आमजन की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है।

पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार एरोड्रम और घोड़ा सर्किल से सीएडी की ओर आने वाले वाहनों को अभय कमांड लिंक रोड होते हुए दादाबाड़ी की ओर भेजा जाएगा। वहीं केशवपुरा-दादाबाड़ी क्षेत्र से सीएडी की तरफ आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। चंबल गार्डन, गढ़ पैलेस और किशोरपुरा क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

सभा एवं प्रदर्शन में शामिल होने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था भी की गई है। बैराज और रावतभाटा रोड से आने वाले वाहन पशु मेला स्थल पर पार्क किए जाएंगे, जबकि झालावाड़ रोड और केशवपुरा क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीएडी चौराहे की ओर आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।