कोटा: जैविक खेती ही स्वस्थ भविष्य का आधार, किसानों ने लिया प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प, ब्रह्माकुमारीज के तत्वावधान में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कोटा: जैविक खेती ही स्वस्थ भविष्य का आधार, किसानों ने लिया प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प, ब्रह्माकुमारीज के तत्वावधान में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

यतीश व्यास 

कोटा। कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग (आरईआरएफ) के तत्वावधान में ग्राम गलाना कैथून में खेत बचाओ अभियान, ग्राम शुद्ध अन्न, स्वस्थ जीवन विषय पर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज की प्रशासिका उर्मिला दीदी ने कहा कि धरती हमारी माता है और रासायनिक खेती के बढ़ते प्रयोग से मिट्टी, जल एवं मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ज्योति दीदी एवं मनीषा दीदी ने किसानों को जैविक खेती के लाभ, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, रसायनमुक्त उत्पादन तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती न केवल भूमि की गुणवत्ता बढ़ाती है, बल्कि किसानों की उत्पादन लागत भी कम करती है।

बीके सुनील भाई ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ जैविक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन के साथ स्वास्थ्यवर्धक अन्न उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों का उज्ज्वल भविष्य प्राकृतिक एवं जैविक खेती में ही निहित है।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।