अस्पताल की कमियां उजागर करने वाले पर कार्रवाई, छबड़ा में उठा विवाद, 181 पर शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

अस्पताल की कमियां उजागर करने वाले पर कार्रवाई, छबड़ा में उठा विवाद, 181 पर शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

यतीश व्यास 

छबड़ा (बारां)। स्थानीय राजकीय अस्पताल की कथित अव्यवस्थाओं और कमियों को लेकर शिकायत दर्ज कराने वाले युवक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का मामला चर्चा का विषय बन गया है। मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।

जानकारी के अनुसार, छबड़ा निवासी युवराज त्रिवेदी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उनके विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने से मामला तूल पकड़ गया है। युवराज का आरोप है कि उनकी शिकायतों और परिवादों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया गया। युवराज के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि यदि 181 पोर्टल पर दर्ज शिकायत वापस नहीं ली गई तो उनके खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया जा सकता है।

मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। युवराज का कहना है कि अस्पताल की कमियों और जनहित के मुद्दों को उजागर करने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।

इधर, पूरे घटनाक्रम को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा शुरू हो गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग उठ रही है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

वहीं, पत्रकारों द्वारा इस मामले से राजस्थान के मुख्यमंत्री, गृह सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन देकर अवगत कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।